ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम ननौरा में सोमवार शाम को बिजली गिरने से मां और उसके सात वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। महिला का पति दिव्यांग है। अब उसकी देखभाल के लिए एक बेटी ही बची है।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम ननौरा निवासी विद्या देवी (33) पत्नी मोहर सिंह सोमवार की शाम को खेत पर मूंगफली की फसल की रखवाली के लिए गई थी। उसके साथ में उसका सात वर्षीय बेटा अनुराग भी था। शाम के समय अचानक मौसम बदल गया और बारिश होने लगी, जिस पर वह अपने बेटे को लेकर शीशम के पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गई। तभी अचानक बादलों में जोरदार तड़तड़ाहट की आवाज के साथ बिजली गिर गई। जिससे दोनों मां-बेेटा बुरी तरह झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने जाकर देखा तो दोनों बेसुध पड़े थे। जिस पर परिजन व ग्रामीण दोनों को उपचार के लिए जखौरा स्थित अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी मिलने पर थाना जखौरा पुलिस एवं तहसील स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति मोहर सिंह ने बताया कि वह दिव्यांग है। अब उसकी एक बेटी ही बची है। पत्नी बेटे को लेकर मूंगफली की फसल की रखवाली को गई थी, तभी अचानक से बारिश होने लगी और गाज गिर गई। जिससे दोनों की मौत हो गई। नायब तहसीलदार रवींद्र विक्रम व लेखपाल संतोष कुमार सेन ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई की।
--------
बिजली गिरने से जखौरा क्षेत्र के ग्राम ननौरा में एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हुई है। दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है।
गिरजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक
----------
जखौरा क्षेत्र के ग्राम ननौरा में महिला और बेटे की मौत बिजली गिरने से हुई है। करीब ढाई बजे की घटना है। महिला और उसके पति के नाम साढ़े चार एकड़ जमीन है। दैवीय आपदा के तहत चार लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से सहायता दी जाएगी।
-श्याममणि त्रिपाठी, तहसीलदार सदर।
-