ललितपुर। जिला पंचायत की प्रथम बैठक में सड़क और बिजली का मुद्दा छाया रहा। इस दौरान समितियों के गठन पर भी चर्चा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके उपरांत प्रथम बैठक में भाग लिया। बैठक में पहले से तय एजेंडा पढ़ा गया। इसमें समितियों के गठन पर चर्चा की गई। मौजूद जिला पंचायत सदस्यों ने इसके लिए जिला पंचायत अध्यक्ष को अधिकृत किया। उन्होंने कहा कि समितियों का गठन शीघ्र ही किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा सिंह ने ग्राम मदनपुर में बिजली की समस्या होने की बात कही। अन्य सदस्यों ने सड़क व बिजली की समस्या को उठाया। अंत में निर्णय लिया गया कि अगली बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बुलाया जाएगा। उनके समक्ष सड़क, बिजली सहित अन्य मुद्दे उठाए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत सदस्य लीलाधर दुबे, मनोज कुशवाहा, राजकुमार, आशीष रावत, नरेंद्र झा, अमर विश्वकर्मा, सुरेंद्र, भवानी सिंह यादव, मंगल सिंह, धनंजय यादव, रामू, वीर सिंह, बृजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।