आसानी से हो जाएगी किसानों की ई-फार्मर रजिस्ट्री
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन की ओर से अब खतौनी में दर्ज नामों को आधार कार्ड से मिलाया जाएगा। ऐसा होने पर जनपद में ई-फार्मर रजिस्ट्री कराने में लगभग 20 हजार से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा और उनकी ई-फार्मर रजिस्ट्री आसानी से हो जाएगी।
जिले में कृषि विभाग में 2,60,165 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें 15,672 किसान अपात्र होने के बाद 2,44,493 किसानों की ई-फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है लेकिन इनमें भी चकबंदी वाले 33,275 किसान हैं। इनकी ई-फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। जनपद में 1,28, 538 किसानों की ई-फार्मर रजिस्ट्री हो गई है।
अब 82,680 किसानों की ई-फार्मर रजिस्ट्री होना बाकी है लेकिन इनमें से लगभग 20 हजार से अधिक ऐसे किसान हैं, जिनकी खतौनी में दर्ज उनका नाम आधार कार्ड से मेल नहीं खा रहा है। वहीं, शासन ने ऐसी शिकायतों के चलते अब आधार कार्ड में दर्ज नाम के आधार पर खतौनी में नाम का संशोधन किया जाएगा। ऐसे में जनपद में ई-फार्मर रजिस्ट्री में आ रही परेशानी दूर हो जाएगी।
वर्जन
खतौनी में दर्ज नामों को आधार कार्ड में दर्ज नाम से मिलान यदि होता है तो जनपद में ई-फार्मर रजिस्ट्री के लिए बाकी किसानों में लगभग बीस फीसदी किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा। - यशराज सिंह, उपकृषि निदेशक