ललितपुर। धनतेरस बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाई गई। परंपरा का निर्वहन करते हुए इस मौके पर लक्ष्मी पूजा के लिए लोगों ने सोने और चांदी के सिक्के, बिस्कुट, आभूषण, बर्तन, वाहन, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक सामानों की जमकर खरीदारी की। बाजार भीड़ से ठसाठस भरे रहे।
बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे के बाद से शहर गुलजार होने लगा। धनतेरस के दिन बृहस्पतिवार को बाजारों में भगवान कुबेर खूब मेहरबान रहे। बाजारों में लोगों ने जमकर धन की बारिश हुई। ज्वेलरी मार्केट, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स व ऑटोमोबाइल बाजार के शोरूमों पर खरीदारी के लिए लोगों की खूब भीड़ उमड़ी रही। आभूषणों की दुकानों पर इस बार बाजार में चांदी के 50 से लेकर दो हजार रुपये के नोट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सराफा बाजार, आटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स में कुल मिलाकर करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है।
बाजारों में भले ही आम दिनों की अपेक्षा कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बाजार में मंदी होना दर्शाया जा रहा हो, लेकिन दीपावली से दो दिन पूर्व धनतेरस पर बाजारों में जमकर लोगों में दिल खोलकर खरीदारी की। जहां आभूषणों की दुकानों पर पूरे दिन लोगों ने अपनी पसंद के आभूषणों की खरीदारी की।
आभूषण व्यापारी गौरव सोनी ने बताया कि इस बार आभूषण बाजार में कुंदन, हालमार्क ज्वेलरी, मोती सेट, लक्ष्मी-गणेश के चांदी व गोल्ड प्लेटेड सिक्के, चांदी के बर्तन, चांदी के पूजन के बर्तन, विशेष तौर पर लोगों द्वारा पसंद किए जा रहे हैं और इनकी जमकर बिक्री हुई है। इसके साथ ही 50 रुपये, 100 रुपये, दो सौ रुपये व दो हजार रुपये के चांदी के नोट लोगों द्वारा खूब पसंद किए जा रहे हैं, जो विशेष तौर पर लक्ष्मी पूजन के लिए लोगों द्वारा खरीदे जा रहे हैं।
--------------------
आटो मोबाइल बाजार भी खूब दौड़ा
धनतेरस के दिन शहर में विभिन्न ऑटोमोबाइल की दुकानों पर भी भगवान कुबेर जमकर मेहरबान रहे और जमकर धन वर्षा की। खासकर दो पहिया वाहनों की खूब बिक्री हुई। हालांकि कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार कारोबार मंदा रहा लेकिन जितनी मंदी सोचे थे उससे बेहतर कारोबार हुआ। कई शोरूम पर तो बुकिंग खत्म होने के बाद भी दो पहिया वाहनों की खरीदारी जारी रही। एक हजार से अधिक वाहनों की बिक्री रही। हीरो मोटो कार्प के आदर्श श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक वाहनों की बिक्री हुई।
---------
इलेक्ट्रानिक बाजार की भी रही चांदी
बृहस्पतिवार के दिन धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक बाजार भी आकर्षण का केंद्र रहे। जहां जमकर धन बारिश हुई। व्यापारियों ने बताया कि इस बार नई किस्म की एलईडी टीवी, नए अंदाज के फ्रिज और वाशिंग मशीन, माइक्रोबेव उपकरण और आकर्षक मोबाइल भी लोगों के लिए पसंद आने पर खूब खरीदारी की गई। मनोज इलेक्ट्रानिक्स के मनोज जैन ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार अच्छा रहा।
----------
नए परिधानों की खरीदारी को मची रही धूम
धनतेरस का मौका था, तो लोगों ने जरूरत की वस्तुओं के साथ ही कपड़ा की भी खूब खरीदारी की। रेडिमेड कपड़ों की दुकानों पर फैशनेबल कपड़ों को लोग अधिक पसंद कर खरीदतेे देखे गए। वहीं, साड़ी बाजार में भी व्यापारियों ने दुकानों को आकर्षक अंदाज में सजाया था जहां महिलाओं ने जमकर अपनी पसंद के अनुसार साड़ियों की खूब खरीदारी की। बाजार में इस बार भी हजार रुपये एवं इससे अधिक कीमत की साड़ियां खूब बिकीं। पीहर साड़ी के संचालक राजू पीहर ने बताया कि कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में करीब दस प्रतिशत बढ़ा है।
-------
पीतल के बर्तन की खरीदारी को उमड़े लोग
धनतेरस के दिन नए बर्तनों को खरीदने का रिवाज है ओर उसकी पूजन कुबेर पूजन व दीपावली पूूजन के साथ होती है। इसी मान्यता के अनुसार धनतेरस पर बर्तन बाजार में दोपहर बाद बर्तनों को खरीदने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ा रहा, यह सिलसिला रात्रि में भी चलता रहा है। यहां तक कि शाम के समय बर्तन बाजार में आकर्षक लाइटिंग भी की गई थी। बर्तन बाजार में अधिक भीड़ होने के चलते शाम के समय यहां यातायात व्यवस्था को देखते हुए बर्तन बाजार में वाहनों के आने जाने पर प्रशासन द्वारा रोक लगा दी गई और सुरक्षा गश्त भी बढ़ा दी गई।
धनतेरस पर ज्वेलरी की दुकान से चांदी के सिक्के खरीदता युवक- फोटो : LALITPUR
धनतेरस पर भगवान का सिंहासन व पूजन के बर्तन खरीदते लोग- फोटो : LALITPUR