तालबेहट। कोतवाली क्षेत्र स्थित जनसेवा केंद्र का ताला तोड़कर चोर संदूक में रखे 15 हजार रुपये चुरा ले गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
ग्राम सभा खांदी के मजरा उड़वाताल निवासी शिवम कुशवाहा की गांव के मजरा वीआईपी में हनुमान मंदिर के पास जनसेवा केंद्र है। चोरों ने शुक्रवार रात दुकान का ताला तोड़कर संदूक में रखा 15 हजार रुपये चुरा लिया। शनिवार को जब वह दुकान खोलने आया, तब टूटा ताला देखकर उसके होश उड़ गए। पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो चोर दुकान का ताला तोड़ते और बाहर निकलते दिख रहे हैं। देर शाम तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाया जा रहा है।