मई माह का सोमवार सबसे गर्म दिन रहा। अब तक 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला तापमान सोमवार को 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। साथ ही 13 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गर्म लपटें चलने से जनपदवासी परेशान रहे।
जनपद में मई माह में गर्मी की शुरुआत 38-39 डिग्री सेल्सियस तापमान से हुई थी। पांच से 10 मई तक तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। 10 से 17 मई तक तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। लेकिन, सोमवार को सुबह ही भगवान भास्कर का तेज बढ़ने लगा था और 7 बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा 9 बजे तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर 12 बजे 41 डिग्री सेल्सियस तथा 1, 2 व 3 बजे तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
यह मई माह का अब तक का सबसे अधिक तापमान था। अब तक 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला तापमान सोमवार 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हालांकि शाम होते ही 5.30 बजे 42 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन में 11 से 3 बजे तक भगवान भास्कर जमकर तमतमाए। साथ ही दोपहर में 13 किमी प्रतिघंटा से चलने वाली हवाएं लू में बदल गई।
इस कारण लोग बचने के लिए छांव की तलाश करते नजर आए। दोपहर में सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हो गई। जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी गमछा व रूमाल मुंह पर बांधकर सफर करते नजर आए। तपती छतों के नीचे बच्चों के साथ गृहणियों के भी हाल बेहाल रहे। बार-बार बिजली जाने से उनको उमस का सामना करना पड़ा। दिन भर गर्म हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित रहा। जानवर भी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। विभागों के अफसर व कर्मचारी धूप में अपने आफिसों में कैद रहे। एसी, कूलर व पंखे से उन्होंने निकलने की जहमत नहीं उठाई।
-