जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते धड़ल्ले से चालू है खनन का कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते एक बार फिर पूरे क्षेत्र में खनन का कारोबार जोर पड़ने लगा है। खनन माफिया अपने स्वार्थ एवं राजनीतिक रसूख के चलते ग्राम सभा की पहाड़ियों को जमींदोज कर रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने अपने गठन के बाद सबसे अधिक महत्व ग्राम सभा सहित अन्य विभागों की सरकारी संपत्ति के बचाने पर दिया था लेकिन इस समय तहसील मुख्यालय से चंद किमी की दूरी पर स्थित तरगुवा और हर्षपुर में खुलेआम रात में मशीनों के माध्यम से खनन किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि यदि कोई व्यक्ति खनन स्थल पर जाने की कोशिश करता है तो उसे अपनी राजनीतिक पहुंच एवं धनबल का भय दिखाकर धमकाते हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
000
इस संबंध में सीओ तालबेहट और तहसीलदार तालबेहट की संयुक्त टीम बनाकर जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -एसडीएम अभिजीत सिंह
नहीं जागा विभाग
पिछले वर्ष थाना गांव में खनन करते हुए मिट्टी गिरने से दो युवकों की मौत हो गई थी। इस पर वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने खनन कर्ताओं पर सख्त कार्रवाई के दावे किए थे। सरकार ग्राम सभा की जमीन के संरक्षण के लिए तरह-तरह के अभियान चला रही है लेकिन ग्राम सभा की पहाड़ियों से हो रहे खनन पर ग्राम प्रधान सहित खनन विभाग पूरी तरह से मौन है।