तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टेकरी के समीप एक मिनी बस बाइक सवारों को बचाने में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जाकर पलट गई। इसमें बाइक सवार एक युवक को गंभीर चोटें आई। जिसे जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। वहीं, मिनी बस में सवार सभी लोग सकुशल रहें।
पूराकलां के मजरा रसगैया खिरक निवासी प्रीतम (58) पुत्र निरपत अपने साथी राजू पुत्र पूरन कुशवाहा निवासी खांदी के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी सामने से दिल्ली से केरल जा रही एक (मिनी) ट्रैवलर बस आ गई। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के बाद उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह तत्काल मौके पर गए। उन्होंने राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी तालबेहट भिजवाया। बाइक सवार प्रीतम को गंभीर चोटें आने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं बस चालक रियाज पुत्र कुंजी, बिवन पुत्र जोए, सैफीक पुत्र सलम, देव पुत्र माती को गंभीर चोट नहीं आई। जिस समय हादसा हुआ उस समय मिनी बस में मात्र पांच सवारियां ही थी।