संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) को दो और नए प्रोफेसर मिल गए हैं। अब यहां प्रोफेसरों की संख्या 19 से बढ़कर 21 हो गई है। ये नए प्रोफेसर जल्द ज्वाइन करेंगे।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन सत्र 2024-25 से शुरू करने के लिए जोर-शोर से प्रयास में जुटा है। मान्यता लेने की तैयारियां चल रही हैं। एनएमसी के मानकों को पूरा करने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के लिए विभिन्न संकाय (विभागों) में आचार्य, सह आचार्य व सहायक आचार्यों (प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर व असिस्टेंट प्रोफेसरों) की नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
बीते दिनों मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसरों के आवेदन निकले थे। आठ अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। चार व पांच मार्च को लखनऊ में चयन समिति ने साक्षात्कार लिया। इनमें दो का चयन कर लिया गया है। इसमें एक पैथोलॉजिस्ट विभाग व एक आर्थो विभाग के हैं।
-
दो नए प्रोफेसरों का चयन किया गया है। ये जल्द ही ज्वाइन करेंगे। साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी देंगे। शेष पदों पर भी जल्द चयन किया जाएगा।
- डॉ. डी नाथ, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय