अस्पताल में पैसे के लेनेदेन की घटनाओं में नहीं लग पा रहा अंकुश
मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में लगे हैं 16 कैमरे, ज्यादातर नहीं कर रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज (महिला अस्पताल) में सीसीटीवी कैमरा लगाकर भले ही निगरानी का दावा किया जा रहा हो, लेकिन अस्पताल में लगे 16 कैमरों में पांच खराब हैं तो वहीं मरम्मत कार्य के चलते कुछ की लाइन टूट गई है। ऐसे में सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। हालांकि मेडिकल कॉलेज में 72 सुरक्षागार्ड तैनात हैं, लेकिन कैमरों के खराब होने से लेनेदेन की घटनाओं पर निगरानी करना मुश्किल हो रहा है।
मेडिकल कॉलेज (महिला अस्पताल) में सीसीटीवी कैमरों से गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। इसकी के सहारे सुरक्षा व्यवस्था भी बनी हुई है। वर्तमान में अस्पताल में 16 कैमरा लगाए गए हैं, जो प्रमुख स्थानों पर लगे हुए हैं।
लेकिन, अस्पताल में लगे 16 कैमरों में पांच कैमरा खराब पड़े हुए हैं। वहीं अस्पताल में मरम्मत कार्य के चलते कुछ कैमरों की केबल क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे सीमित मात्रा में ही कैमरा ही कार्य कर रहे हैं। ऐसे में सभी जगह निगरानी नहीं हो पा रही है। यही कारण है कि अस्पताल में पैसे के लेनेदेन की घटनाओं में अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसका ताजा उदाहरण बीते दिनों ऑपरेशन थिएटर के पास प्रसव के नाम पर छह हजार रुपये लिए गए थे। इसकी शिकायत में जांच हुई, जिसमें कैमरा खराब पाए जाने से चिह्नित करने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार मौन बने हुए हैं।
मेडिकल काॅलेज में हैं 72 सुरक्षागार्ड
मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में 72 सुरक्षाकर्मी है। इसमें सृजित पद 40 के सापेक्ष 30 पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मी है। इसके अलावा महिला अस्पताल में 17 आऊटसोर्सिंग कंपनी से कार्यरत हैं। वहीं पुरुष अस्पताल में आउटसोर्सिंग के 25 सुरक्षाकर्मी हैं।
अस्पताल में कुछ कैमरा खराब पड़े हुए हैं। जिन्हें जल्द ही ठीक कराया जाएगा। अब उच्च गुणवत्ता के कैमरा भी लगाए जा रहे हैं, जिससे निगरानी रखने में सुविधा होगी। -डॉ. मीनाक्षी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक