संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। महरौनी महोत्सव मेला अंतर्गत सीबी गुप्ता प्ले ग्राउंड पर अंडर -19 त्रिकोणीय क्रिकेट शृंखला का शनिवार को फाइनल मैच निशि क्रिकेट एकेडमी ललितपुर और एमसीसी महरौनी के मध्य खेला गया। एमसीसी ने निशि एकेडमी को 17 रन से हराकर ट्राॅफी अपने नाम की।
एमसीसी महरौनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट खोकर 163 रन बनाए। सर्वाधिक 54 रन का योगदान एमसीसी के ओपनर बल्लेबाज संकेत का रहा। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी निशि एकेडमी की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन उसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरता रहा। विवेक कौशिक, पवन रैकवार और आयुश पांडेय ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन 18वें ओवर में टीम ऑल आउट हो गई।
एमसीसी ने 17 रन से ललितपुर की टीम को हराकर फाइनल मैच जीता। मैन आफ द मैच महरौनी के खिलाड़ी संकेत चुने गए और मैन आफ द सीरीज महरौनी टीम के कप्तान बृजेंद्र ने अपने नाम की। मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राॅफी प्रदान की गई।
सभी खिलाड़ियों और अंपायर सहित स्कोरर व कमेंट्रेटर पैनल को मेडल पहना कर स्वागत किया गया। अंपायरिंग संतोष वर्मा और सलमान रजा ने की। कमेंट्री सूर्यकांत त्रिपाठी, दुष्यंत बड़ौनियां, सुदेश टोंटे और हृदयेश गोस्वामी ने की। स्कोरर नमन सेन रहे। अतिथि रीतेश बड़ौनियां, टीना वर्मा, पवन परमार, संजय पांडेय भारत, कुलदीप खरे, अमित नायक, अंजन बड़ौनियां, जगदीश परिहार उपस्थित रहे।