ललितपुर। दिवाली के दूसरे दिन जनपद में मौन परमा पर जिले में बुंदेली लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। बाहर से आई मौनिया टोलियों ने मंदिरों में नृत्य की प्रस्तुति दी। मोर पंख और लकड़ी के डंडों के साथ किशोरों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य कर लोगों का मन मोह लिया। मौनी बाबा गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले पहुंचे। लोगों ने नारियल और प्रसाद भेंटकर उनका स्वागत किया और पारंपरिक नृत्य का आनंद लिया।
बुंदेलखंड में मौनिया, दिवारी और सैरा के नाम से प्रसिद्ध यह लोकनृत्य सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है। दिवाली के दूसरे दिन ग्राम थनवारा, जाखलौन, बिरधा, महरौनी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पुरुष मौन व्रत रखकर इस नृत्य की प्रस्तुति दी। नृत्य कर रहे मौनियों ने बताया कि एक प्राचीन मान्यता भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है। बताया गया कि एक बार यमुना किनारे कृष्ण की गायें खो गई थीं। गायों के नहीं मिलने पर वह मौन हो गए। बाद में ग्वालों ने गायों को खोजकर वापस लौटाया, तब कृष्ण ने अपना मौन तोड़ा। इसी मान्यता के आधार पर कृष्ण भक्त मौन व्रत रखकर मौन परमा पर दिवारी नृत्य करते हैं।
मौनिया टोलियों ने की बारह गांवों की परंपरा
परंपरा के अनुसार मौनिया टोलियां 12 गांवों की परिक्रमा करती हैं और विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद लेती हैं। इस दौरान स्वांगधारी कलाकार भी आकर्षण का केंद्र रहे। अलग-अलग वेशभूषा में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों और ग्रामीणों का मनोरंजन किया। देर रात तक मौनिया टोलियों का नृत्य जारी रहा।
गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले घूमे मौनी बाबा, पेश किया प्राचीन नृत्य
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
बाँसी। मौनी अमावस्या पर बांसी में गांव-गांव से आए मौनी बाबाओं ने मौनिया दिवारी नृत्य करते हुए 12 गांवों में परिक्रमा लगाई। घुंघरू और डंडों की आवाज से पूरा बांसी गूंज उठा। इससे बुंदेलखंड की सैकड़ों वर्षों पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी।
बुंदेलखंड लोकनृत्य और लोकसंगीतों को संजोए हुए है। इन्हीं में से एक मौनिया नृत्य है। इसकी खास बात यह है कि घुंघरू की आवाज मन को हर लेती है। यह नृत्य बुंदेलखंड के ग्रामीण इलाकों में दिवाली के दूसरे दिन मौन परमा को पुरुषों द्वारा किया जाता है। इसे मोनी परमा भी कहा जाता है। यह यहां की सबसे प्राचीन नृत्य शैली है। इसमें किशोरों द्वारा घेरा बनाकर मोर के पंखों को लेकर बड़े ही मनमोहक अंदाज में लकड़ी का डंडा लेकर नृत्य किया जाता है। बुंदेलखंड के ग्रामीण इलाकों में मौन रहकर मौन परमा के दिन इस नृत्य को करने से इसका नाम मौनिया नृत्य रखा गया। साथ ही मौन व्रत करने वालों को मौनी बाबा भी कहा जाता है।
मंदिरों में टोलियों ने किया मौनिया नृत्य
कस्बा बाँसी के श्री टोरिया मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, श्री लाल जी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में बाहर से आई हुई टोलियों के द्वारा मौनिया नृत्य होता रहा। पुरानी किंवदंती के अनुसार मौनियों के स्वागत के लिए जमींदार, मुखिया, प्रतिष्ठित व्यक्ति मौनियों के स्वागत के लिए आतुर रहे।
मौनिया टोलियों ने ढोलक-मंजीरों की धुन पर किया नृत्य
फोटो 11
कड़ेसरा कला। क्षेत्र के ग्राम कड़ेसरा कलां में मौन परमा के अवसर पर बुंदेली लोक परंपरा का अनूठा रंग देखने को मिला। सोमवार को मौनी बाबा परंपरागत वेशभूषा में गांव में निकले और जगह-जगह मौनिया नृत्य प्रस्तुत किया। ढोलक और मंजीरों की धुन पर मौनियों ने शानदार नृत्य कर लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह मौनिया टोलियों का स्वागत किया और लोकनृत्य का आनंद लिया। गांव में भ्रमण करने के बाद मोनी बाबा 12 गांवों के भ्रमण पर निकल गए। इस दौरान बुंदेलखंड की सदियों पुरानी लोक संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली।