ललितपुर। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी ने चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक में मतपेटिका को उपस्थित अभिकर्ताओं के समक्ष सील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान अनावश्यक भीड़भाड़ न हो पाए। मतदान दिवस के एक दिन पूर्व समस्त पोलिंग पार्टियां प्रात: 6 बजे निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
प्रभारी डीएम अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि प्रत्येक मतदान स्थल पर पीठासीन अधिकारियों को आवश्यक अधिकार प्रदान किए गए हैं। यदि किसी मतदान स्थल पर कोई घटना होती है और मतदान प्रक्रिया के संचालन में कोई गतिरोध उत्पन्न होता है तो पीठासीन अधिकारी समस्या का त्वरित निराकरण कराएं। शाम 5 बजे (मतदान समाप्ति के समय) जितने लोग मतदान के लिए उपस्थित हैं, उन्हें पंक्तिबद्ध कराकर पीछे से पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर से पर्ची देकर उनका मतदान कराएं। मतपेटिका को उपस्थित अभिकर्ताओं के समक्ष सील कराएंगे।
निर्वाचन सामग्री/मतपेटिका के साथ कोई भी छेड़छाड़ न होने पाए। मतदान समाप्ति के उपरांत मतपेटिकाओं को विधिवत सील किया जाना है। किसी भी दशा में निर्धारित वाहन के अतिरिक्त अन्य किसी साधन का वापसी के लिए उपयोग नहीं किया जाएगा। वाहन खराब होने पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट वैकल्पिक व्यवस्था कराएंगे। समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्धारित प्रपत्र-ए तथा बी पर रिपोर्ट देना होगा। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक समय संपर्क में रहेंगे।
मतदान दिवस के एक दिन पूर्व समस्त मतदान पार्टियां प्रात: 6 बजे निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना होंगी। पार्टियों के जाने के उपरांत जोनल मजिस्ट्रेट इस आशय की सूचना निर्वाचन कंट्रोल रूम को तुरंत देंगे। प्रत्येक 2-2 घंटे पर मतदान प्रतिशत व मतदान कुशलता की सूचना जिला निर्वाचन नियंत्रण कक्ष को देंगे। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रजनीश राय, अपर उपजिलाधिकारी रमेश चंद्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार रवीन्द्रवीर यादव, अर्थ और संख्याधिकारी बृजकिशोर, जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक अवस्थी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल आदि उपस्थित रहे।