संवाद न्यूज एजेंसी
अर्जुन खिरिया। मथुरा के कोसी से आई टीम ने मंगलवार को ग्राम पंचायत क्षेत्र में बंदरों को पकड़ लिया। उन्हें पिंजड़े में बंद कर पांडव वन के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिल गई।
ग्राम पंचायत के ग्रामीणों को करीब दो वर्षों से बंदरों के आतंक से जूझना पड़ रहा था। उत्पाती बंदरों के झुंड गांव में आए दिन घरों की खपरैल तोड़ने, घरों में लगी सब्जियों, पेड़-पौधों तथा खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। बंदरों के डर से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया था। ग्रामीणों के लगातार संपर्क के बाद मथुरा के कोसी से पहुंची तीन सदस्यीय रेस्क्यू टीम ने चार दिन अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ जंगल में छोड़ दिया। ग्रामीणों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अब गांव से डर और नुकसान का माहौल खत्म हुआ।