संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के सभागार में शहीद दिवस मनाया गया। आजादी के लिए बलिदान देने वाले भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि देकर याद किया। वक्ताओं ने इनसे देश प्रेम की प्रेरणा लेने की बात कही।
बार एसोसिएशन के महामंत्री ने कहा कि भगत सिंह में देशभक्ति बचपन से ही कूट-कूट कर भरी थी। युवा पीढ़ी को क्रांतिकारियों के जीवन से देश सेवा की सीख लेनी चाहिए। वरिष्ठ अधिवक्ता शरद चौबे ने कहा कि शहीद सुखदेव, भगत सिंह और राजगुरु ने न सिर्फ जीते जी देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया, बल्कि अपने बलिदान से हर भारतवासी के हृदय में स्वाधीनता की अलख जगाई। ये तीनों राष्ट्रभक्त स्वतंत्रता आंदोलन के अमर प्रतीक हैं, जो हमें सदैव राष्ट्र की सेवा और एकता के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
पूर्व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जिंदगी लंबी नहीं बल्कि बड़ी होनी चाहिए। यह सिर्फ एक साधारण कथन नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन दर्शन है। इस दर्शन को जिसने भी अपनाया वह हमेशा के लिए अमर हो गया। भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 में हुआ और 23 मार्च 1931 को वह देश के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए। इस दौरान मनोहर चतुर्वेदी, चंद्रप्रकाश संज्ञा, बृजेन्द्र सिंह चौहान, मुरारी कुशवाहा, आनंद प्रजापति आदि मौजूद रहे।