घरों व प्रतिष्ठानों पर लोगों ने शुरू की रंगाई पुताई
दीपावली के लिए सज रहे बाजार, रंग-रोगन की दुकानों की रौनक बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दीपावली के नजदीक आते ही घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में रंगाई-पुताई का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। इसी के चलते शहर के बाजारों में डिस्टेंपर, चूना, पेंट, नील, ब्रश और कलई जैसी सामग्रियों की मांग में इज़ाफा देखा जा रहा है।
दुकानदारों ने दीपावली के मद्देनज़र रंगाई-पुताई से संबंधित सामग्रियों की दुकानें सजा ली हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर भी डिस्टेंपर और चूना का प्रदर्शन किया जा रहा है। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि अभी बाजार पूरी तरह से गर्म नहीं हुआ है, लेकिन करवाचौथ के बाद इसमें तेजी आने की उम्मीद है।
व्यापारियों ने पिछले वर्षों की मांग को देखते हुए इस बार भी पर्याप्त मात्रा में सामग्री मंगाकर स्टॉक कर ली है, ताकि किसी भी समय मांग बढ़ने पर ग्राहकों को सामग्री की कमी न रहे।
इस वर्ष दीपावली 20 अक्तूबर को है और दशहरे के बाद से ही लोगों ने अपने घरों और दुकानों की रंगाई-पुताई का कार्य शुरू कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक डिमांड में इजाफा देखा जा रहा है, हालांकि रुझान अब भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
व्यापारियों की राय
फोटो-28
दीपावली को देखते हुए रंगाई-पुताई की सामग्री की बिक्री शुरू हो गई है, लेकिन फिलहाल बाजार धीमा है। करवाचौथ के बाद इसमें तेजी आने की संभावना है। हमने पूर्व वर्षों की मांग के अनुसार पहले से ही पर्याप्त स्टॉक तैयार कर लिया है। इस बार डिस्टेंपर और चूना के दामों में खास अंतर नहीं है।
— मनमीत सिंह, विक्रेता
फोटो-29
मौसम की वजह से इस बार चूना और डिस्टेंपर का व्यापार थोड़ा धीमा है। डिस्टेंपर और पेंट पर जीएसटी पहले की तरह 18 फीसदी ही है। शहर में डिस्टेंपर व पेंट की मांग अधिक है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी चूने की पुताई सबसे ज्यादा होती है। हमने तीनों ही सामग्रियों को पर्याप्त मात्रा में मंगाकर रख लिया है।
— मनोज जैन, विक्रेता