डाउन रूट की उत्कल रही आठ घंटे लेट, गलन के चलते
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोहरे के कारण शनिवार को अप रूट की मालवा और गीता जयंती एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें छह से सात घंटे की देरी से ललितपुर स्टेशन पर पहुंचीं। वहीं, डाउन रूट की उत्कल एक्सप्रेस भी सात घंटे देर से आई।
अप रूट की ट्रेनों में गीता जयंती एक्सप्रेस शनिवार को तड़के 3:45 बजे के स्थान पर पौने आठ घंटे विलंब से सुबह साढ़े 11 बजे आई। इंदौर की ओर जाने वाली मालवा एक्सप्रेस तड़के 4:21 बजे के स्थान पर छह घंटे विलंब रही। वहीं, खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भी सुबह 11:35 बजे के स्थान पर सवा घंटा विलंब से दोपहर 12:50 बजे आई।
शताब्दी एक्सप्रेस शनिवार को दिन में 11:42 बजे के स्थान पर सवा घंटा विलंब रही। अप रूट की पंजाब मेल एक्सप्रेस दोपहर 1:25 बजे के स्थान पर दो घंटे विलंब से आई। वहीं, डाउन रूट की ट्रेनों में पुरी से हरिद्वार की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस शनिवार को तड़के 3:33 बजे के स्थान पर आठ घंटे विलंब से 11:41 बजे आई। गोरखपुर से प्रयागराज, महोबा, खजुराहो के रास्ते दादर जाने वाली दादर सेंट्रल एक्सप्रेस शनिवार को सुबह 10:25 बजे के स्थान पर सवा चार घंटे लेट से दोपहर 2:45 बजे आई।