निजी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल प्रबंधकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समय परिवर्तन के नए आदेश पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसमें कहा गया कि जिले में शीतलहर जैसे हालात नहीं हैं। उन्होंने सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक स्कूल संचालित कराने की मांग की है।
प्रबंधकों ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में मौसम की स्थिति सामान्य है। शीतलहर जैसी समस्या कदापि नहीं है। नगर क्षेत्र के विद्यालयों विशेषकर अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों के पास स्वेटर, ब्लेजर आदि उपलब्ध होते हैं। हल्की सर्दी में उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होती है। वहीं, अभिभावकों का कोर्स पूरा कराने का दबाव विद्यालयों में रहता है। लेकिन, विद्यालयों का अचानक समय में परिवर्तन कर दिया गया है। नए आदेश के मुताबिक सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे स्कूल का संचालन होना है। स्कूल समय में परिवर्तन होने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। उधर, परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक समय परिवर्तन से संतुष्ट हैं। निजी स्कूलों के प्रबंधकों द्वारा समय परिवर्तन पर एतराज जताने से प्रशासन के सामने अजीबोगरीब स्थिति बन गई है। यदि निजी स्कूलों की मांग स्वीकार करते हैं तो परिषदीय शिक्षक इसके विरोध में खड़े हो सकते हैं। यदि दो अलग-अलग आदेश जारी होते हैं तो प्रशासन की शिक्षा के मामले में दोहरी नीति उजागर हो जाएगी। हालांकि बीएसए संतोष कुमार राय का कहना है कि प्रबंधकों के ज्ञापन पर विचार किया जाएगा।