फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर की तस्वीर बदलने को लगे पंख

Thu, 15 Dec 2016 12:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
lalitpur news - फोटो : demo
विज्ञापन
मंगलवार को नगर पालिका सीमा विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद नगर की तस्वीर बदलने की उम्मीद को पंख लग गए हैं। 40 साल बाद नगर की सीमा बढे़गी। इससे आसपास बसे नए मोहल्लों और करीब आधा दर्जन गांवों को पालिका में शामिल कर यहां शहरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। कैबिनेट के फैसले के बाद लोगों में खुशी है। 
विज्ञापन

1975 में नगर पालिका गठन के बाद से अब तक क्षेत्र का विस्तार नहीं किया गया। इतने वर्षों में तेजी से जनसंख्या वृद्धि हुई, कई मोहल्ले और गांव बस गए। लेकिन नगर की भौगोलिक स्थिति व नगर पालिका सीमा की हद के कारण इनका विकास नहीं हो सका। झांसी रोड पर नगर पालिका सीमा की जमीन सेना से जुड़ी होने के कारण यहां पर विकास कम हो पा रहा है। नगर के एक छोर पर देवगढ़ क्रांसिग व दूसरी ओर सिलगन रेलवे क्रांसिग होने से भी शहरीकरण रुका हुआ है। वहीं, सागर रोड की तरफ गोविंद सागर बांध होने से इस ओर भी शहरीकरण नहीं हो पाया। चारों छोर पर इन परेशानियों को देखते हुए नगर के भीतर ही अनियोजित तरीके से नए मोहल्ले और कालोनियां बस गईं। इससे नगर तंग गलियों का शहर बनकर रह गया। 
सीमा विस्तार होने के बाद शहर का दायरा बढ़ सकेगा और नियोजित तरीके से विकास होने पर इसकी सुंदरता भी बढ़ सकेगी। नगर पालिका अध्यक्ष  सुभाष जायसवाल व विभागीय अधिकारी पिछले तीन-चार वर्षों से नगर पालिका की सीमा विस्तार के लिए तमाम प्रयास कर रहे थे। इस बीच जनपद दौरे पर नगर विकास मंत्री मो. आजम खां से लेकर उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विस्तार की मांग की गई थी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विगत 19 अप्रैल को जनपद दौरे पर गिन्नौट बाग में जनसभा को संबोधित करते हुए सीमा विस्तार करने की घोषणा की थी। लंबे इंतजार के बाद अखिरकार नगर पालिका सीमा विस्तार को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की छह नगर पालिका परिषद की सीमा बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसमें ललितपुर नगर पालिका परिषद भी शामिल है। कैबिनेट में मंजूरी मिलने के बाद अब सिर्फ शासन से गजट घोषित होने की देरी है, इसके बाद धरातल पर सीमा विस्तार का काम शुरू हो जाएगा। मंजूरी से लोगों में खुशी है।
विज्ञापन


हजारों ग्रामीण परिवार कहलाएंगे शहरी
नगर पालिका की सीमा के भीतर रहने वाले लोगों पर भले ही सीमा विस्तार होने का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन नगरीय सीमा से बाहर बस चुके मुहल्लों व बसे करीब आधा दर्जन गांवों में रहने वाले हजारों ग्रामीण परिवार अब शहरी कहलाने लगेंगे। इसके अलावा उन्हें स्वच्छ पेयजल, पक्की सड़कें, बिजली व अन्य शहरी मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। नगर पालिका सीमा विस्तार होने से देवगढ़ मार्ग पर स्थित ग्राम जुगपुरा व महेशपुरा, कैलगुुवां मार्ग पर स्थित ग्रामसभा पनारी का बाहरी हिस्सा, झांसी मार्ग पर स्थित ग्रामसभा रोड़ा की सीमा तक, ग्राम मसौरा कला की सीमा और राजघाट मार्ग पर सिलगन  क्रासिंग तक का क्षेत्र नगर पालिका सीमा मेें शामिल हो जाएगा।


कैबिनेट में मंजूरी मिलने के बाद अब सिर्फ शासन से गजट घोषित होने की देरी है। इसके बाद धरातल पर सीमा विस्तार का काम शुरू कर दिया जाएगा। सीमा विस्तार होना क्षेत्र के विकास के लिए लाभकारी साबित होगा।
विज्ञापन

- सुभाष जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष, ललितपुर। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें