ललितपुर। राजघाट चौकी क्षेत्र के ग्राम मड़वारी में तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में टकराने से हुई भीषण दुर्घटना में तीन घरों के लाडले चले गए, जिनमें सगे मामा-भांजे भी हैं। भांजा संजू राजा मूलत: थाना बार क्षेत्र के ग्राम खैरा खिरिया का रहने वाला था, लेकिन वह बचपन से ही अपने मामा आनंद के यहां रहता था। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसर गया, वहीं एक ही घर से एक साथ दो अर्थियां (मामा-भांजा) उठने से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जब दोनों की शव यात्रा निकाली गई तो मोहल्ला में हर आंख से आंसू झलक रहे थे।
मामा-भांजा दोनों अविवाहित थे और दोनों की शादी की बात भी चल रही थी। संजू के छोटे होने के बाद भी उसकी शादी की बात चल रही थी और जल्द ही रिश्ता पक्का होने की उम्मीद थी। अभी संजू और उसके परिवारजन बेटे की शादी के सपने संजो रहे थे कि बृहस्पतिवार की देर रात को यह हादसा हो गया। वहीं मामा आनंद पिकअप वाहन चलाता था और परिवार के भरण पोषण में मदद भी करता था। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। शुक्रवार की देर शाम को पोस्टमार्टम होने के बाद जब मामा भांजा दोनों के शव घर पहुंचे तो परिजनों व रिश्तेदार बिलख उठे। दोनों की अर्थियां एक ही घर से एक साथ उठीं और चंडी मंदिर के पीछे स्थित श्मशान घाट पर उनका एक साथ अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। वहीं ग्राम अमरपुर निवासी तीसरे युवक राममोहन की मौत झांसी मेडिकल कॉलेज में होने के कारण उसका पोस्टमार्टम झांसी में ही किया गया। जिसके चलते देर शाम को ग्राम अमरपुर में उसका अंतिम संस्कार किया गया।