ललितपुर। इस बार नागरिकों को मकरसंक्रांति पर सीतापाठ कुंड के साफ पानी में डुबकी लगाने का मौका मिलेगा। नगर पालिका परिषद मकरसंक्रांति के मद्देनजर सीतापाठ कुंड की सफाई करा रही है। इस कुंड की वर्षों से सफाई नहीं हुई, जिससे इसमें सिल्ट जमा हो गई थी। इस कारण कुंड को खाली कराया गया है।
शहर में सुम्मेरा तालाब, गोविंद सागर बांध एवं सीतापाठ कुंड हैं, जहां पर श्रद्धालु मकरसंक्रांति पर डुबकी लगाकर स्नान करते हैं। नगर पालिका परिषद ने सुम्मेरा तालाब का सौंदर्यीकरण करा दिया है। इस समय तालाब में लबालब पानी भरा है। इस पानी को गंदा होने से रोकने के लिए समय-समय सफाई कराई जाती है। सुम्मेरा तालाब की तर्ज पर सीतापाठ कुंड को साफ कराने की मांग लंबे से उठाई जा रही थी। कुंड की सफाई नहीं होने से काफी सिल्ट जमा हो गई थी, जिससे पानी गंदा हो गया था। लोग इसमें नहाने से कतराने लगे थे। गर्मियों के सीजन में न के बराबर पानी कुंड में रह जाता था।
नगर पालिका ने इसकी सुध लेते हुए सफाई कराने का निर्णय लिया है। कुंड के गंदे पानी को पूरी तरह निकाल दिया गया है। एलएनटी की मदद से सिल्ट और पानी की निकासी के लिए अस्थाई नाली बनाई जा रही है। कुंड में समतलीकरण के लिए कुछ पत्थरों को तोड़ा गया है। कुंड की सफाई होने के बाद इसमें नहर के जरिए बांध का साफ पानी भरा जाएगा। यह सब कार्य मकरसंक्रांति के पहले हो जाएगा, जिससे श्रद्धालु इसमें बिना किसी असुविधा के स्नान कर सकेंगे।
-----
सीतापाठ कुंड की सिल्ट सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद कुंड में साफ पानी भरा जाएगा। मकरसंक्रांति के बाद स्वीमिंग पूल की तर्ज पर कुंड का निर्माण कराया जाएगा। ऊंचाई वाले हिस्से में बच्चे नहा सकेंगे, जबकि गहरे स्थान पर युवकों को नहाने के लिए स्थान तय किया जाएगा।
- रजनी साहू
अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद