ललितपुर। शहर में मुख्य बाजार की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकीं है। पैदल चलने वाले राहगीरों और वाहन चालकों का सड़क से निकलना मुश्किल हो गया है। मुख्य बाजार की सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि यहां आए दिन वाहन चालकों को दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है।
भले ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपनी पहली प्राथमिकता गड्ढा मुक्त प्रदेश को देती आई हो, लेकिन इसके बावजूद अभी भी योगी सरकार में सड़कों पर सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे हैं। शहर के लोगों ने कहा कि जनपद मुख्यालय के मुख्य बाजारों की सड़कों का जब ये हाल है तो आसपास के क्षेत्रों में तो कोई सुनने वाला ही नहीं है। उन्होंने कहा कि बाजार में निकलने में भी अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाते हैं। क्योंकि बाजार में अब सड़क तो बची ही नहीं है, वहां तो सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे हैं। जहां बारिश होने पर इन गड्ढों में कीचड़ और गंदा पानी भरा रहता हैै, तो वहीं सड़क सूखी होने पर इन गड्ढों में मिट्टी और डस्ट भरी रहती है, जोकि हादसों को दावत दे रही है। लोगों ने इस गंभीर समस्या के स्थाई समाधान के लिए सड़क का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है।
पानी की बड़ी टंकी से लेकर नेहरू महाविद्यालय तक का मुख्य बाजार का मार्ग बारिश में छलनी हो चुका है। इसमें मवेेेशी बाजार की मुख्य सड़क की हालत दयनीय है। यहां वाहनों की रफ्तार खुद ब खुद धीमी हो जाती है। तेजी गति आने वाले वाले अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। अगर गड्ढ़ों की मरम्मत हो जाएगी तो हजारों राहगीरों को परेशानी नहीं होगी।
- अनुराग जैन चुनगी
बाजार में अब सड़क तो बची ही नहीं है, वहां तो सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे हैं। जहां बारिश होने पर इन गड्ढों में कीचड़ और गंदा पानी भरा रहता हैै, तो वहीं सड़क सूखी होने पर इन गड्ढों में मिट्टी और डस्ट भरी रहती है, जोकि हादसों को दावत दे रही है।
- केहर राय
शहर के मुख्य बाजार की सड़कों में गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि उनमें पानी भर जाता है, और फिर वह पानी कीचड़ में तब्दील हो जाता है। जिससे कई बार सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं। जिम्मेदारों को इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही शीघ्र सड़क की मरम्मत होनी चाहिए।
- अनूप अग्रवाल
मवेशी बाजार में मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढे ज्यादा होने के कारण यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहतीं हैं। प्रशासन इस गंभीर समस्या का निदान करे, जिससे सभी की परेशानी दूर हो सके।
- मनोज कुशवाहा
मुख्य बाजार की सड़क पर गड्ढे बहुत गहरे हो चुके हैं। यहां कई बार दो पहिया वाहनों के एक्सीडेंट हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क की मरम्मत हो जाएगी तो परेशानी नहीं होगी।
- घनश्याम दास
मुख्य सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढ़े होने के बाद भी प्रशासन मरम्मत नहीं करा रहा है, जिससे राहगीरों की समस्याएं बढ़ती जा रहीं हैं। कोई बड़ी अनहोनी होने से पहले प्रशासन को इस समस्या का समाधान कर देना चाहिए, ताकि राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।
- उपेंद्र खटीक
शहर के बाजार की सड़कों में बारिश के कारण गड्ढे हो गए हैं। अभी बारिश के मौसम में स्थाई समाधान मुमकिन नहीं है। अभी अस्थाई समाधान किया जा रहा है और मौसम खुलते ही स्थाई समाधान करा दिया जाएगा।
- सुबोध कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
गढ्डों में तब्दील शहर के मुख्य बाजार की सड़क- फोटो : LALITPUR