महरौनी (ललितपुर)। महरौनी कस्बा सहित ग्रामीण अंचल में मूसलाधार बारिश की वजह से जहां नालों ने नदियों का रूप ले लिया है तो वहीं नदियों का भारी जलसैलाब क्षेत्रवासियों की चिंता का विषय बना हुआ है। नदी नालों में आयी बाढ़ के चलते तहसील मुख्यालय से जनपद मुख्यालय और लगभग सभी ग्रामीण संपर्क मार्गों पर यातायात कई घंटों से पूरी तरह अवरुद्ध है। जामनी बांध काफी भर चुका है और इसके गेट बुधवार रात को एक बार फिर से खोल दिए, यातायात पर सबसे ज्यादा असर महरौनी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
वहीं महरौनी-नाराहट रोड पर ग्राम पठा के समीप जामनी नदी के कुजान घाट रिपटा पर से लगभग दस फीट से ऊपर पानी बहता रहा और संपर्क कटा रहा। महरौनी-बानपुर मार्ग पर जामनी नदी पर बने पुतलीघाट पुल पर भी 10-12 फीट पानी था, जिससे तहसील मुख्यालय का बानपुर क्षेत्र से भी संपर्क कटा रहा। महरौनी के समीपवर्ती ग्राम भैरा, भौंरठ, सतलींगा का भी जामनी नदी की वजह से संपर्क कटा रहा। महरौनी-सौजना मार्ग पर ग्राम बम्हौरी बहादुर सिंह के समीप गुल्लन नाला भी उफान पर रहा और देर शाम तक सौजना क्षेत्र का संपर्क महरौनी से कटा रहा । वहीं, सौजना-मड़ावरा मार्ग पर गौना के पास छान नाला और तालाब का नाला अपने उफान पर रहे और इस मार्ग पर कई फीट पानी आ जाने से यातायात ठप रहा । ग्राम कुम्हैढी से बारौन के रास्ते में पडने वाला गेरा नाला और जमडार नदी के रिपटों पर लगभग दस फीट पानी रहा । यही स्थिति कुम्हैढी से खिरिया भारंजू के रास्ते जमडार नदी और बंजरया नाला के रिपटों पर पानी की वजह से बनी रही जिससे आसपास के ग्राम टापू बनकर रह गये ।
महरौनी-टीकमगढ़ मार्ग पर आनंदपुर आश्रम के पास स्थित नाले का पानी भी सडक पर कई फीट ऊपर बहता रहा जिससे यातायात काफी चुनौतीपूर्ण रहा । बडे वाहन तो कडी मशक्कत के बाद निकलते रहे लेकिन दोपहिया वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी । केवल महरौनी कस्बा से मडावरा रोड पर ही आवागवन सुचारू रहा और बाकी हर मार्ग से महरौनी का संपर्क कटा रहा । इस वजह से लोग दिन भर परेशान रहे ।