सीओ तालबेहट के नेतृत्व में एसपी ने गठित की चार सदस्यीय टीम
6 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर तालबेहट कोतवाली में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोगों के करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली चिटफंड कंपनी एलयूसीसी की परतें खोलने के लिए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने एसआईटी गठित कर दी है। सीओ तालबेहट के नेतृत्व में गठित टीम में दो निरीक्षक व एक उपनिरीक्षक को शामिल किया गया है।
जिले में संचालित एलयूसीसी से जुड़े लोगों ने आमलोगों को कम समय में धन दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा कराए थे। चिटफंड कंपनी एलयूसीसी के खिलाफ जिले के थाने व कोतवाली में 18 से अधिक मुकदमे पंजीकृत किए गए थे। इन मामलों में पुलिस ने मुख्य संचालकों सहित 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर सहित संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी की थी। करीब 14 माह तक जेल में रहने के बाद मुख्य संचालक रविशंकर उर्फ रवि तिवारी व अन्य लोग न्यायालय से जमानत पाकर जेल से बाहर आ गए थे। हाल ही में 6 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर तालबेहट कोतवाली में पीड़ित शक्ति वाल्मीकि निवासी मोहल्ला चौबयाना की तहरीर पर दीपक सहित 8-10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
मामले की जांच पड़ताल के बाद मुख्य संचालक रविशंकर उर्फ रवि तिवारी, विनोद तिवारी, भरत वर्मा और मुकेश कुमार जैन के नाम प्रकाश में आए थे। 13 जनवरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। एसपी ने एलयूसीसी के जरिये आम लोगों को ठगने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। गठित की गई एसआईटी ने चिटफंड कंपनी के खिलाफ साक्ष्य, अर्जित की गई चल-अचल संपत्ति सहित अन्य जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
एसआईटी में ये हैं शामिल
एसआईटी में सीओ तालबेहट रक्षपाल सिंह मुख्य विवेचक, सह विवेचकों में कोतवाली तालबेहट प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा, कोतवाली तालबेहट में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह और उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह शामिल हैं।
कंपनी के सीएमडी समीर अग्रवाल पर है 50 हजार का ईनामी घोषित
आठ प्रदेशों और करीब 22 जनपदों में चिटफंड कंपनी के जरिए लोगों से हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाला कंपनी का मुख्य संचालक व सीएमडी समीर अग्रवाल दुबई में बैठा है। जिसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी झांसी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। इसके साथ समीर अग्रवाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
वर्जन
चिटफंड कंपनी एलयूसीसी के खिलाफ तालबेहट में दर्ज मुकदमे की जांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। सीओ तालबेहट के नेतृत्व में गठित टीम इस मामले की तह तक जाएगी और इसमें शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। आमलोगों की जमापूंजी हड़पने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। - मोहम्मद मुश्ताक, एसपी