ललितपुर। वर्ष 2015-16 में चयनित डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्रामों में स्वीकृत लोहिया आवासों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने आवासों के लिए धनराशि की प्रथम किस्त जारी कर दी है।
पिछड़े ग्रामों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के मकसद से डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना चलाई जा रही है। योजनांतर्गत निर्धन परिवारों को छत उपलब्ध कराने के लिए इंदिरा आवास, लोहिया आवास सहित विभिन्न कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। हाल ही में शासन ने पात्र परिवारों को सिर पर छत उपलब्ध कराने के लिए धनराशि आवंटित कर दी है। इसी कड़ी में डीआरडीए परियोजना निदेशक सुरेश चंद्र मिश्र ने सामान्य वर्ग के 75, अनुसूचित जाति व जनजाति के 172 आवासों के लिए प्रथम किस्त के रूप में प्रति आवास 1,37,500 रुपये हस्तांतरित कर दिए हैं। कुल 3.67 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। विभागीय कर्मियों का कहना है कि सत्यापन समिति ने पात्र लाभार्थियों का चयन किया है। इसी आधार पर धनराशि अवमुक्त की गई है।
यह हैं लोहिया ग्राम
वर्ष 2015-16 में 23 ग्रामों को लोहिया ग्राम में चयनित किया गया है। इनमें ग्राम मावलैन, बहादुरपुर, सतगता, अमरपुर, मडवारी, मगरपुर, गढ़ौली, अमौदा, कैथोरा, गिल्टौरा, चकौरा, नौहरखुर्द, राजपुर, भुचेरा, पिपरट, गढ़ौलीकलां, बरौदिया, बड़गाना, बुदनी मड़ावरा, कुम्हैड़ी व रखवारा शामिल हैं।
इतने हो चुके लोहिया आवास स्वीकृत
वर्ष 2012-13 में 881, वर्ष 2013-14 में 248 और वर्ष 2014-15 में 469 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। वहीं, 2015-16 में 267 आवास आवंटित हुए हैं।
इतनी है धनराशि की व्यवस्था
लोहिया आवास के निर्माण को दो किस्तों में धनराशि प्रदान की जाती है। कुल 2,75,000 रुपये की राशि से एक आवास का निर्माण होता है। इसमें प्रथम किस्त 1,37,500 रुपए दी जाती है। शेष रकम बाद में मिलती है। इसके अलावा सोलर लाइट के लिए 30 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2014-15 में स्वीकृत 469 आवासों में अभी तक सोलर लाइट नहीं लग सकी हैं।