पाली (ललितपुर)। नगर में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर काबू पाने के लिए लगाए गए कर्फ्यू के दौरान कई कारोबारी दुकानें खोल रहे हैं। इस कारण कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। क्योंकि, जिस उद्देश्य से कर्फ्यू लगाया गया है उसका पालन नहीं हो रहा है।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकान खोलने के लिए सुबह चार घंटे की ढील दी जा रही है। लेकिन, इसके बाद भी दुकानदार अपनी दुकान खोल रहे हैं। तहसीलदार अभिषेक कुमार राजस्व विभाग की टीम व पाली थानाध्यक्ष कृष्णवीर सिंह पुलिस टीम के साथ बस स्टैंड का निरीक्षण किया। यहां एक दुकान खुली थी, लेकिन सायरन बजने पर दुकानदार ने शटर गिरा लिया। तहसीलदार ने सामान लिए एक ग्राहक को देखा तो दुकानदार का एक हजार रुपये का चालान काट दिया। कारोबारी को अगली बार दुकान खुली पाई जाने पर जेल भेजने की चेतावनी दी। थानाध्यक्ष ने मास्क न लगाकर चलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। बस स्टैंड और मैन बाजार में मास्क नहीं लगाने पर 25 मोटरसाइकिल सवार लोग पकड़े गए। सभी के चालान काटे हुए शुल्क वसूला।
---------
मुनाफाखोर सक्रिय
कोरोना कर्फ्यू के दिनों में मुनाफाखोर सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने खानपान सामग्री की कमी बताकर कीमतों में वृद्धि कर दी है। लोगों को मजबूरी में अधिक दाम चुकाकर खरीदारी करना पड़ रही है। इस प्रकार की स्थिति किराना, दूध, फल, सब्जी आदि में देखी जा रही है।