ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत 19 अप्रैल को होने वाले मतदान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने बृहस्पतिवार को संवेदनशील/ अति संवेदनशील क्षेत्र के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कहीं पर शराब बांटी जाए तो मोबाइल नंबर 7839862918 पर सूचना दी जाए। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
विभिन्न माध्यमों से मिली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सिरसी (जखौरा), कन्या प्राथमिक विद्यालय जखौरा, पूर्व कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय जखौरा, मर्दन सिंह इंटर कॉलेज तालबेहट, राजकीय मॉडल महाविद्यालय पुलवारा, राजकीय इंटर कॉलेज बार एवं खिरिया छतारा के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय सिरसी के निरीक्षण में मौके पर तीन प्रत्याशी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे। इसके बाद कन्या प्राथमिक विद्यालय जखौरा एवं पूर्व कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय जखौरा के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। यहां पर पानी, बिजली, शौचालय एवं सफाई व्यवस्था ठीक मिली। राजकीय मॉडल महाविद्यालय पुलवारा, राजकीय इंटर कॉलेज बार एवं खिरिया छतारा के मतदेय स्थलों में जिलाधिकारी ने मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, शौचालय, एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें, लगातार निरीक्षण कर सामने आने वाली कमियों को दूर कर सूचित करें। किसी भी दशा मेे लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन चप्पे-चप्पे पर नजर रखें, किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल सूचना दें। किसी भी दशा में अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर पैनी नजर रखें। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि किसी प्रलोभन में न आकर निर्भीक एवं निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। शराब का सेवन न करें और यदि कोई आसपास शराब बांटे तो सूचना 7839862918 पर दें। संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।