ग्राम कारीटोरन में पानी भरते बच्चे
- फोटो : LALITPUR
कारीटोरन/ललितपुर। पंचायत चुनाव के शोर के बीच दबकर रह गई है ग्रामीण क्षेत्रों में गहरा रही पेयजल समस्या। ब्लॉक बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कारीटोरन में महिलाएं दो किलोमीटर की दूरी से पानी भरकर ला रही हैं। यहां न तो पेयजल पाइप लाइन की आपूर्ति दुरुस्त हो पाई है और न ही खराब हैंडपंपों की मरम्मत। ऐसे में महिलाओं की परेशानी बढ़ गई है।
इस समय पंचायत चुनाव पूरे रंग में हैं, इस कारण नेता से लेकर अधिकारी तक चुनाव में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं। नेताओं को समस्याओं के निस्तारण से ज्यादा वोट की चिंता सता रही है और वह रात-दिन वोट के गुणा-भाग में लगे हुए हैं। विकासखंड बार के ग्राम कारीटोरन में प्रधान की सीट सामान्य महिला है। यहां के लोगों को मई माह के प्रथम सप्ताह में महिला जनप्रतिनिधि भी मिल जाएगी लेकिन जो महिलाएं पानी के लिए परेशान हो रही हैं, क्या उनकी समस्या का समाधान होगा, यह प्रश्न हर महिला मतदाता के मन में कौंध रहा है। हालांकि, पेयजल समस्या से जूझ रहीं महिलाओं को वर्तमान में केवल आश्वासन के अलावा कुछ हाथ नहीं लग रहा है। कुमरयाना गिरजा देवी का कहना है कि जब से चुनाव आए हैं, तब से गांव में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। पेयजल पाइप लाइन की आपूर्ति अनियमित रहती है। वहीं, गांव में छह हैंडपंप खराब पड़े हैं। इसके अतिरिक्त दो अन्य हैंडपंपों में पानी कम निकल रहा है, इस कारण महिलाओं को दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। छोटे-छोटे बच्चे भी पानी भरने में मदद कर रहे हैं।
----
जिन हैंडपंपों में पानी कम निकल रहा है, उनमें पाइप बढ़ाने की आवश्यकता है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
- जयराम रैकवार
दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ती जा रही है। भूगर्भ जलस्तर तेजी से नीचे खिसक रहा है। ऐसे में हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
- कल्लू कुमार
ग्राम कारीटोरन में हैंडपंप से पानी भरती महिलाएं- फोटो : LALITPUR
ग्राम कारीटोरन में पानी भरती गिरजा देवी- फोटो : LALITPUR