संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रोंड़ा 132 केवी सब स्टेशन में सीटी फटने से नेहरूनगर समेत 18 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे मोहल्ला नेहरूनगर समेत 18 गांवों के लोगों को बिना बिजली के रात में परेशान होना पड़ा।
रोंड़ा स्थित 132 केवी पारेषण उपकेंद्र में बारिश के दौरान बिजली गिरने से नेहरूनगर की फीडर की सीटी रविवार की देर रात लगभग एक बजे फट गई। इससे नेहरूनगर सब स्टेशन में स्थापित नेहरूनगर, जलनिगम, बुढ़वार और राजघाट व महेशपुरा फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। नेहरूनगर के लगभग 30 हजार आबादी और महेशपुरा, बुढ़वार और राजघाट फीडर के लगभग तीस से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति रात भर ठप रही।
जानकारी मिलने पर बिजली अभियंता व कर्मचारियों ने रोंड़ा पारेषण उपकेंद्र में देर रात तक सीटी बदलने का काम किया। इसके बाद लाइन के फाॅल्ट को दूर कर अगले दिन सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति सुचारू कराई गई। अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि 33 केवी की लाइन पर बिजली गिरने से फाॅल्ट हो गया था जिसे ठीक कराया गया है।
000000000
शहर के फीडर तीन की विद्युत सप्लाई प्रभावित
शहर के फीडर तीन की विद्युत सप्लाई 24 घंटे में कई बार आई और गई। गांधी नगर निवासी बृजेश पटेल ने बताया कि बिहारी राशन के निकट दिन में लाइट कई बार आई और गई इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभान पटेल ने बताया कि इस फीडर की लाइट प्रतिदिन रात 12 बजे ठप हो जाती है जिससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
000000000000