ललितपुर। शहर में बारिश होने के कारण बृहस्पतिवार को बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। जगह-जगह फाल्ट होने के कारण आधे शहर की बिजली आपूर्ति घंटों प्रभावित रही और दोपहर में गुल हुई बिजली देर करीब पौने शाम सात बजे आई।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही शहर में बूंदाबांदी के साथ बारिश होने लगी, दोपहर में बारिश तेज हो गई। ऐसे में शहर के गोविंदनगर, नेहरूनगर और फीडर संख्या चार की 11 केवी लाइनें ब्रेक डाउन हो गईं। जानकारी पर विद्युत कर्मचारियों द्वारा पेट्रोलिंग की। इससे दोपहर से देर शाम तक सदनशाह, सिविल लाइन, नई तहसील, गोविंदपुरा, नई बस्ती, चांदमारी, करीमनगर, नदीपुरा आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली भी बाधित रही, मड़ावरा में तेज बारिश होने से हाइटेंशन लाइनों में फाल्ट आ गए, जिसके चलते मड़ावरा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दिन भर ठप रही। वहीं, बिरधा विद्युत सब स्टेशन अंतर्गत नाराहट फीडर की बिजली बीते बुधवार की रात से ही बाधित रही, जो बृहस्पतिवार की दोपहर बाद सुचारु हो सकी, लेकिन बारिश के चलते फिर से आपूर्ति बाधित हो गई। यही हालत देवगढ़ व राजघाट फीडर की भी रही, जहां पर जगह-जगह फाल्ट आने के कारण पांच दर्जन से अधिक गांवों की बिजली घंटों बाधित रही।