ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम बड़गाना में एक विवाहिता ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम बड़गाना निवासी राखी (20) पत्नी लक्ष्मीनारायण बुधवार की रात को लगभग नौ बजे अपने कमरे में गई और वह छत के कुंदे पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक गई। गांव से जब उसका पति घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था, उसने आवाज लगाई लेकिन जबाब नहीं मिलने पर उसे शंका हुई और दरवाजा तोड़कर अंदर गया, तो पत्नी फांसी के फंदे पर लटक रही थी। इस पर उसने उसे फंदे से उतारा और उसके जीवित होने की संभावना होने पर वह उसे तत्काल नाराहट में एक निजी चिकित्सक के पास ले गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने ललितपुर ले जाने की सलाह दी, जिस पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री है। फिलहाल महिला के फांसी लगाने का कारण अज्ञात है।