घायल युवक की हालत में सुधार, वन विभाग की टीमें लगातार गश्त में जुटीं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तालबेहट क्षेत्र के ग्राम बादीवर में तेंदुए के हमले के बाद दूसरे दिन भी ग्रामीणों में दहशत बनी रही। हालात ऐसे हैं कि लोग रात में घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
29 मार्च की शाम तेंदुए ने गांव निवासी रामसजीवन यादव पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को झांसी रेफर किया गया, जहां अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और लोगों को वन क्षेत्र में न जाने की सलाह दे रही हैं। विभाग ने हमले वाली जगह का मुआयना भी किया, हालांकि वहां तेंदुए के पंजे के निशान नहीं मिले। घावों के आधार पर इसे तेंदुए का ही हमला माना जा रहा है।
सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक नवीन कुमार शाक्य ने बताया कि बादीवर में ग्रामीण पर हमले के मामले की जांच कराई जा रही है। वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।