ललितपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एक नवंबर को मेगा विधिक सहायता शिविर लगाएगा। इस शिविर का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित व्यक्तियों को निशुल्क कानूनी सहायता देना है। साथ ही, उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
प्राधिकरण इन व्यक्तियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। शिविर में पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वॉलंटियर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पैनल अधिवक्ता पात्र व्यक्तियों को निशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी देंगे। वे उनकी समस्याओं को समझेंगे और आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन करेंगे। पैरा लीगल वॉलंटियर शिविर की उपयोगिता बढ़ाएंगे। वे आमजन तक सही कानूनी जानकारी पहुंचाएंगे और जरूरतमंदों को संबंधित विभागों से जोड़ेंगे।
0000000000000
शिविर का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। इन योजनाओं से दिव्यांगजनों, बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को लाभ मिलेगा।-देवप्रिय सारस्वत, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण।
-
यह शिविर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो आर्थिक कठिनाइयों या कानूनी जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों की रक्षा नहीं कर पाते। नागरिक पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और श्रमिक कल्याण जैसी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। -पुष्पेंद्र सिंह चौहान, पैनल लॉयर।
-
आमजन से अपनी समस्या और उपलब्ध दस्तावेज के साथ शिविर में पहुंचने की अपील करता हूं । वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक अभिलेखों के बारे में जानकारी ले सकते हैं।-शशिकांत राजपूत, पैनल लॉयर।
-
न्याय तक पहुंच तभी सार्थक होती है जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों और कानूनी उपायों के प्रति जागरूक हो। यह शिविर आमजन को अपनी समस्याएं सामने रखने, कानूनी परामर्श प्राप्त करने और विभागों से संपर्क स्थापित करने का अवसर देता है। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से अपील है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। वे टोल फ्री नंबर 15100 पर कॉल करके भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।-निधि सिंह, पैनल लॉयर।