ललितपुर। शहर में मुख्य सड़कों और गलियों में झुके खंभे हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्टेशन रोड, पुलिस लाइन रोड, नहर रोड समेत कई स्थानों पर खंभे झुक गए हैं और केबल व तार लटक रहे हैं। कई जगह तो हाईटेंशन लाइनों के गार्डिंग भी टूटकर जमीन पर पड़ी है।
बिजली विभाग करोड़ों खर्च कर ढांचा सुधारने का दावा कर रहा है, लेकिन अब भी शहर में कई स्थानों पर झुके खंभे और लटक रहे ताराें से हादसों का खतरा बना हुआ है। जबकि, इन खंभों के पास से वीआईपी से लेकर आम राहगीर और स्कूली बच्चों का भी निकलना होता है। वहीं, बारिश और तेज हवा के दौरान खंभों के गिरने का भी खतरा बना रहता है।
अभिलाषा पेट्रोल पंप चौराहा के पास एक अस्थायी होटल के टिनशेड के बीच में हाईटेंशन लाइन का खंभा निकला हुआ है। हाईटेंशन तार टूटने या करंट आने पर खतरा बढ़ सकता है। इस होटल में काफी संख्या में लोग जलपान ग्रहण करने पहुंचते हैं।
लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस के पास एक खंभा तिरछा हो गया है। इसके पास ही दूसरा खंभा भी लगा है, जो सीधा लगा है। लेकिन, आंधी बारिश में यह खंभा गिरने की आशंका बनी रहती है। यहां आम राहगीरों के साथ ही पास वीआईपी का आगमन होता है, जिससे खतरे की आशंका बन जाती है।
-
जिला परिषद के आगे ट्रांसफार्मर के पास लगा हाईटेंशन लाइन का खंभा सड़क की ओर की काफी झुक गया है। जबकि, इस खंभे की केबल दूसरे खंभे और दूसरे से तीसरे खंभे के बीच काफी नीचे तक लटक रही हैं। सड़क किनारे चार पहिया वाहन खड़े करने में भी खतरा बना हुआ है।
पिसनारी से एआरटीओ की ओर नहर किनारे एक खंभा काफी तिरछा हो गया है और तेज बारिश व आंधी में यह कभी भी गिर सकता है। हालांकि, यह खंभा नहर की ओर झुका हुआ है, जिससे आम राहगीरों को खतरा नहीं है, लेकिन तार टूट सकता है।
पुलिस लाइन के सामने की ओर टावर के आगे दो खंभाें पर ट्रांसफार्मर रखा हुआ है और ये खंभे अब सड़क की ओर झुकने लगे हैं। इसकी लाइनें सड़क के दूसरी ओर पार कर रही हैं। इन खंभे के पास फुटपाथ से व सड़क पर आम लोगों के साथ ही रोजाना स्कूली बच्चों का अवागमन भी होता है। आंधी के दौरान तेज बारिश में ये खंभे और भी अधिक झुकने या पेड़ों के गिरने से गिर सकते हैं।
-
जहां भी खंभे खराब हैं या झुकने की वजह से गिरने का खतरा है, उन स्थानों के खंभाें को प्राथमिकता के आधार पर बदलने का काम किया जा रहा है।
-वीरभद्र सत्यार्थी, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम।