संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश की तैनाती न होने और वहां की पत्रावलियां जिला मुख्यालय स्थानांतरित किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को अध्यक्ष हरीराम श्रीवास के नेतृत्व में प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल सोमवार को प्रशासनिक जज सहित अन्य न्यायाधीशों से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराएगा।
तालबेहट तहसील के अधिवक्ता लंबे समय से सिविल न्यायालयों की स्थापना की मांग कर रहे हैं। कुछ वर्ष पूर्व ग्राम न्यायालय की स्थापना होने पर क्षेत्रीय वादकारियों और अधिवक्ताओं में खुशी की लहर थी। इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर सस्ता और सुलभ न्याय मिलने लगा था। अधिवक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय से ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश का पद रिक्त है। अधिवक्ताओं में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि ग्राम न्यायालय की पत्रावलियां जिला मुख्यालय मंगाई जा रही हैं। उनका कहना है कि इससे क्षेत्रीय वादकारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ता पिछले दो दिनों से न्यायिक कार्य से विरत रहे। प्रयागराज जाने वालों में महामंत्री कृपाल सिंह, प्रदीप अगरिया, राजेंद्र प्रताप सिंह और अमित बुंदेला प्रमुख रूप से शामिल हैं।