ललितपुर। कचहरी परिसर में शनिवार को अधिवक्ताओं और वादकारियों में भिड़ंत हो गई। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए और अपनी-अपनी बात रखी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
तालबेहट क्षेत्र का एक युवक अपनी पत्नी से मुकदमे में समझौता को लेकर न्यायालय पहुंचा था, जहां एक वकील के मुंशी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिस पर दोनों में मारपीट हो गई। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस ने दोनों को अलग कर दिया और मामला शांत कराया। कुछ ही देर बाद न्यायालय के बाहर बेटे से मारपीट की बात सुनकर युवक की मां अधिवक्ता के बस्ते पर पहुंच गई और बेटे को मारने को लेकर सवाल करने लगी और विवाद होने लगा। मां के पहुंचने की जानकारी पर युवक व उसके पिता एवं अन्य रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि युवक की मां ने अधिवक्ता को चप्पल मार दी, यह देख वहां मौजूद अधिवक्ता भड़क उठे और फिर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने मामले को शांत कराने का भी प्रयास किया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए, जहां अधिवक्ताओं और उक्त युवक व उसके परिवारजनों ने कोतवाली प्रभारी एवं सीओ सिटी के समक्ष अपनी-अपनी बात रखी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अधिवक्ता जगदीश सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह अपने बस्ते पर बैठे थे और युवक की पत्नी की ओर से वकील थे। उक्त लोग उनके बस्ते पर आए और गालीगलौज कर मारपीट करने लगे जिससे उन्हें चोटें आई हैं।