तालबेहट। क्षेत्र के ग्राम सभा खांदी के मजरा करीला स्टेशन से राजमार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर पीडब्लयूडी के द्वारा गिट्टी डाले जाने के बाद एक दबंग ने सड़क के मध्य में बाड़ लगा दी। जिससे सड़क निर्माण कार्य एक माह से बंद है। ग्रामीणों ने इस मार्ग को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
पीडब्लयूडी द्वारा राजमार्ग से गैस गोदाम तक एक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। पूरे मार्ग पर गिट्टी और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी गई है। मार्ग का डामरीकरण होना शेष रह गया था। इसी बीच आपसी विवाद के चलते एक दबंग ने मार्ग के मध्य में बाड़ लगा दी। जिससे विभागीय अधिकारियों को काम बंद करना पड़ा। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन किसी ने भी इस समस्या के निदान में रुचि नहीं ली। इस कारण से मार्ग का निर्माण पूरा नहीं हो सका। इससे आसपास के लोगों का आवागमन में भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। इस मार्ग के बनने से अमरार, स्टेशन करीला सहित कई मजरों के लोगों को राजमार्ग पर जाने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करना पड़ेगी।
--------------------------
इस सड़क के निर्माण की क्षेत्र के लोगों को काफी लंबे समय से आस थी। लेकिन दबंगों की तानाशाही के चलते लोगों के अरमान अभी ठंडे है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देकर निर्माण कार्य पूरा कराना चाहिए।
दीपचन्द्र कुशवाहा, करीला स्टेशन
---------------------------------
इस सड़क का निर्माण कार्य बंद होने से क्षेत्र के कई मजरों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीण काफी दूरी करके राजमार्ग पर वह पहुंच पा रहे हैं।
शंकर कुशवाहा, अमरार खांदी
----------------------------
मामला कोर्ट में विचाराधीन है। आधा से अधिक कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अधिकारियों के निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- ज्ञान सिंह, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग।