ललितपुर। डेंगू और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान में टीम को कूलर व कंटेनरों में एडीज के 15 लार्वा मिले। जिन्हें टीम ने मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट किया। इसमें उन्होंने बीमारियों से बचाव के लिए मोहल्लेवासियों को जागरूक किया।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण और राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर व ब्लॉक स्तर पर डेंगू व चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए अभियान चलाया। जिसमें कूलर व कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। मलेरिया निरीक्षण अजब सिंह, हरिशचंद्र नामदेव ने मोहल्ला व ब्लॉक स्तर पर गांव में जांच की। जिसमें शहर के मोहल्ला तालाबपुरा में जांच के दौरान कूलर व कंटेनरों में एडीज के दो लार्वा मिले। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक बिरधा में तीन, बार में दो, तालबेहट में एक और जखौरा में जांच के दौरान सात-आठ लार्वा पाए गए। मड़ावरा व बिरधा में लार्वा नहीं पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने कार्यालयों में रखे कूलरों की नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया।