बार (ललितपुर)। थाना बार अंतर्गत ग्राम भुजऊपुरा में खुद की ही जमीन पर हो रहे कब्जे का विरोध करने पर कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक व्यक्ति को मरणासन्न कर दिया। उनको जख्मी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना बार पुलिस ने उक्त मामले में आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
ग्राम भुजऊपुरा निवासी रविंद्र मिश्रा पुत्र भोगीराम मिश्रा के मकान के बगल में खाली पड़े बाड़े में गांव के ही बबली पुत्र चिपला बुनकर, चिपला पुत्र तुलसी एवं बंदू पुत्र तुलसी अवैध रूप से कब्जा कर रहे थे। उक्त मामले की जानकारी जब उसे हुई तो उसने जाकर अवैध कब्जे को रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी व्यक्ति आक्रोशित हो गए और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। जब इसका विरोध किया, तो उन्होंने उस पर एकराय होकर लाठी डंडों एवं कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब काफी देर तक व्यक्ति घर वापिस नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी बाड़े में पहुंची। जहां वह खून से लथपथ बेसुध पड़ा हुआ था। जिस पर वह चीखने चिल्लाने लगी, जिस पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बार ले जाकर भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल हा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बार पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।