ललितपुर। थाना बार के अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग में एक महिला ने अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। थाना बार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता ने थाना बार पुलिस को शिकायत पत्र देकर बेटी के ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या के आरोप लगाए हैं।
थाना बार के ग्राम बरौदाडांग निवासी रजनी पत्नी बब्लू कुशवाहा शुक्रवार को दोपहर में घर में अकेली थी, उसके बच्चे घर से बाहर चाचा पुष्पेंद्र के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चे ने चाचा से फल मांगा तो दोपहर करीब ढाई बजे पुष्पेंद्र भतीजे को लेकर भाभी के कमरे में फल लेने गया, वहां रजनी का शव कच्ची छत की लकड़ी से रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटक रहा था। यह देख वह चिल्लाया और पड़ोसियों को बुलाकर रजनी को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के ससुर लखन ने बताया कि वह और उसका बड़ा पुत्र बब्लू दोनों समथर के पास सड़क के डामरीकरण के लिए करीब पंद्रह दिन से मजदूरी करने गए थे। इस दौरान बब्लू और उसकी बहू रजनी के बीच मोबाइल पर बात होती थी, लेकिन बहू से फांसी किन कारणों से लगाई इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री है।
जबकि मृतका के पिता तालबेहट के ग्राम खांदी के मजरा शाहपुर निवासी ने थाना बार को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्री रजनी की शादी 31 मार्च 2016 को ग्राम बरौदाडांग निवासी बबलू के साथ हुई थी। अन्य ससुरालीजन उसकी पुत्री को कई बार मारपीट कर चुके हैं और दहेज की मांग कर चुके हैं। 12 मार्च 2021 को शाम तीन बजे उसकी पुत्री रजनी को मारपीटा गया। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर फांसी पर टांग दिया। ससुराल वाले पहले भी दहेज नहीं देने पर उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं और मारपीट की थी। पिता ने थाना बार पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।