ललितपुर। नगर के मेधावी प्रखर जैन का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हो गया है। उन्होंने यूपीएससी की मेरिट में 693 रैंक अर्जित की है। प्रखर की सफलता पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है।
मोहल्ला छत्रसालपुरा निवासी किरण और राकेश जैन सतभैया के ज्येष्ठ पुत्र प्रखर जैन की प्रारंभिक शिक्षा एसडीएस कान्वेंट स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से 2016 में इंजीनियरिंग की। इसके बाद प्रखर ने अपना लक्ष्य यूपीएससी को बनाकर तैयारी शुरू कर दी। समय- समय पर आईआरएस अंकुर अलया का मार्गदर्शन मिलता रहा। इसके पूर्व प्रखर जैन का भारतीय वन सेवा के लिए भी चयन हो गया था।
प्रखर जैन ने बताया कि निरंतर अध्ययन और परिश्रम का ही परिणाम है कि यह सफलता मिली है। खेल व देशाटन में रुचि रखने वाले प्रखर जैन ने कहा कि अध्ययन के साथ- साथ शारीरिक क्षमता का विकास भी जरूरी है। प्रखर की सफलता पर दिगंबर जैन पंचायत, भारतीय जैन मिलन, करुणा इंटरनेशनल, समदृष्टि विकास अनुसंधान मंडल, दिगंबर जैन परिषद, प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, लायंस क्लब, ललितपुर सेवा ग्रुप, अन्नपूर्णा सेवा संघ आदि ने उन्हें व उनके परिजनों को बधाई दी है।