ललितपुर जनपद की मड़ावरा थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के वांछित और इनामी बदमाश सरताज उर्फ तरु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि उसके एक साथी ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। सरताज चोरी के मामले में वर्ष 2023 से वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सरताज उर्फ तरु निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़ हाल निवासी अमन कॉलोनी निशातपुरा भोपाल मध्य प्रदेश वर्ष 2023 से थाना मडावरा में दर्ज चोरी के मुकदमा में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सरताज एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर है, जिसने नोएडा, सीतापुर, रामपुर, बांदा और मध्य प्रदेश के छतरपुर में भी चोरी की कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। सोमवार की सुबह पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी दोनों बदमाश दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वह भागने लगे, पुलिस ने पकड़ने के लिए घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की।
जवाबी फायरिंग में सरताज उर्फ तरु के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर गया। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं उसके साथी सिकंदर अली निवासी चिदरी रोड हुसैनी कॉलोनी थाना गांधीगंज, जिला बिदर कर्नाटक ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल बदमाश सरताज के कब्जे से एक देसी तमंचा व कारतूस और 1110 रुपये बरामद किए।
वहीं उसके साथी सिकंदर अली के पास से एक देसी तमंचा, कारतूस और 1200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। सीओ आलोक कुमार अग्रहरि ने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।