शहर के मोहल्ला चौकाबाग में 28 सितंबर की रात शराब दुकान के बाहर चाकू से हमला कर ग्राम मसौरा कलां हाल पटेल नगर निवासी बी फार्मा के 25 वर्षीय भूपेंद्र उर्फ छोटू की हत्या के मामले वांछित प्रताप उर्फ रोली उर्फ प्रहलाद को कोतवाली पुलिस ने रविवार की सुबह मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। घायल को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया।
क्षेत्राधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई पुलिस टीम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी के साथ रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे गल्ला मंडी क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मोहल्ला रावतयाना चौकाबाग निवासी प्रताप उर्फ रोली रजक के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए।पुलिस ने घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक शराब दुकान में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुई घटना के बाद कि गई जांच में प्रताप उर्फ रोली रजक प्रकाश में आया था।