शहर के चौकाबाग स्थित शादीघर में मंगलवार की रात अपने मामा की बरात में आए आठ वर्षीय दिब्बू गंभीर रूप से घायल हो गया। पठारी गांव निवासी बालक की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामा ने डीजे वाहन की टक्कर से घायल होने के बाद मौत होने की बात कही।
विज्ञापन
शादी की खुशियां मातम में बदली
मृतक के मामा अभिषेक यादव ने बताया कि मंगलवार को ग्राम घुटारी हाल निवासी शहर मोहल्ला चौकाबाग सौरभ की शादी थी। बरात में डीजे बज रहा था और बराती नाच रहे थे। इसमें दिब्बू भी शामिल था। इसी दौरान डीजे वाहन ने दिब्बू को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन वह लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। शादी कार्यक्रम में आए बच्चे की मौत होने से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।