ललितपुर। श्रीतुवन मंदिर पर तृतीय ललितपुर महोत्सव के 13वें दिन वृंदावन से आए भजन सम्राट चित्र व विचित्र द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई। बुधवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास देवाचार्यजी महाराज व अन्य महंतों व संतों और महोत्सव की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल व अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने किया। इसके बाद भजन गायक जोड़ी बाबा चित्र व विचित्र ने ‘काली कमली वाला मेरा यार है’, ‘मेरी विनती यही है राधा रानी’, ‘राधा नाम की लगाई फुलवारी’, ‘करुणा भरे कृपा भरे मेरे बांके बिहारी सरकार’, ‘मेरे उठे विरह की पीर सखी वृंदावन जाउंगी’ आदि गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन सम्राट की जोड़ी ने जब ‘बांके बिहारी कजरारे मोटे तेरे नैन’ को गाया, तो पंडाल में मौजूद पूरी जनता झूम उठी। भजन संध्या का आनंद लेने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ महोत्सव में मौजूद रही।
इस दौरान महोत्सव प्रभारी रामसेवक वाल्मीकि, मेला सहायक प्रभारी रमाकांत तिवारी, हबीब खान, दीनदयाल सोनी, अभिषेक चौबे, चंद्र विनोद मिश्रा, जेई विपिन कुमार, पार्षद अनुराग जैन, अनुराग चौबे, रूपेश श्रीवास्तव, श्रीराम रजक, अफजुल रहमान, रानू समेत समस्त पार्षदगण व विभागीय अधिकारी व कर्मीगण उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी दिनेश गोस्वामी ने किया। वहीं, उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को महोत्सव में बुंदेली लोक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें आकाशवाणी सिंगर बुंदेली गौरव चंद्रभूषण पाठक एवं रामकिशोर मुखिया द्वारा बुंदेली लोक भजनों की प्रस्तुति की जाएगी।
स्थानीय महंतों का किया सम्मान
इस दौरान नगर के सभी महामंडलेश्वर बालकृष्ण दास महाराज महंत श्रीनृसिंह मंदिर, रामबालक दास महंत श्रीरामलालजी मंदिर, सीताराम पुरोहित महंत थानेश्वर मंदिर, गोपालदासजी महंत श्रीतुवन हनुमान मंदिर, चंद्रेश्वर गिरी जी महंत सिद्धपीठ चंडी माता मंदिरधाम, कृष्ण गिरी जी महाराज महंत श्रीसर्वेश्वर धाम मंदिर, घनश्याम गिरीजी महंत छोटीमाता मंदिर, गोपीदासजी महंत श्रीहनुमानधारा मंदिर, सूर्यप्रकाश दासजी महंत कंचनघाट धाम, विनोद मालवीय महाराज महंत पंचमुखी हनुमान मंदिर, गोविंद पांडेय महाराज महंत शंकरजी मंदिर, रामसहाय मिश्राजी महंत राधाकृष्ण मंदिर पाल समाज, हरनारायण महाराज महंत श्रीसिद्धनपुरा मंदिर धाम, उमाकांत महाराज महंत बूढ़े बाबा मंदिर, आशीष गोस्वामी महाराज महंत ललितेश्वर बड़ीदेवी मंदिर, महंत बलखंडी मंदिर आदि महंतों और संतों का महोत्सव मंच से सम्मान किया जाएगा।