ललितपुर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्वर्गीय राजेंद्र जयसवाल की स्मृति में बृहस्पतिवार को खेले गए हीरो प्रीमियर लीग क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में लवकुश राइडर को ललितपुर क्रिकेट अकादमी ने हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने सभी ख़िलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। केवल उन्हें निखारने की जरूरत है। उन्होंने विजेता को ट्राफी प्रदान की।
लवकुश राइडर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया । पहले बल्लेबाजी करते हुए लवकुश राइडर की टीम 78 रन पर ही ढेर हो गई। आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए ललितपुर क्रिकेट अकादमी ने 13.4 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से फाइनल मुकाबला जीत लिया । मैन ऑफ द मैच करन झा रहे। मैन ऑफ द सीरीज राजपाल रहे। बेस्ट बॉलर का खिताब करन झा को मिला। बेस्ट फील्डर का खिताब गिन्नी को मिला। फाइनल मुकाबले में निर्णायक की भूमिका में शत्रुध्न यादव व शिवकुमार तिवारी रहे। स्कोरिंग का भार आफताब खान ने संभाला। मैच का आंखों देखा हाल सलमान खान ने सुनाया। आयोजन कमेटी में मिर्जा सहीम बेग, सुधीर श्रीवास्तव, आदर्श श्रीवास्तव, आकर्ष श्रीवास्तव, पंडित रवि गौतम, नीतेश कुमार राज, अनिल अहिरवार, कराज बेग, अहकाम खान, मनीष चौधरी आदि मौजूद रहे। मुख्य ट्राफी देने के बाद अन्य पुरस्कार डीसीए के अध्यक्ष मोहम्मद नसीम व शत्रुध्न यादव ने वितरित किए।