थाना बार अंतर्गत तुर्का गांव में संदिग्घ परिस्थिति में कुंए में डूबने से अधेड़ की मौत हो गई, घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक का शव जिस व्यक्ति के कुंए में मिला परिजनों ने उसी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है।
मृतक की पत्नी हरकुंवर ने बताया कि उसका पति विजय राजपूत (57 वर्ष) बुधवार को जमीनी विवाद के कारण तालबेहट तहसील गया था, वहां से लौटने के बाद वह बिना खाना खाए शाम 7 सात बजे खेत पर जाने की बात कह कर चला गया। जब दस बजे तक वह घर नहीं लौटा तो उसने खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। सुबह चार बजे मृतक के भतीजे रविंद्र को ग्याप्रसाद व कल्यान राजपूत द्वारा सूचना दी गई कि उसके भाई इमरत राजपूत के खेत पर बने कुंए के समीप उसके चाचा के कपड़े डले हैं उनके कुंए में गिरने का अंदेशा है। जिस पर रविंद्र व उसका छोटा चाचा घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उसने अपने बड़े चाचा विजय के कपड़े पड़े देखे, जिसके बाद उसने पीआरवी को सूचना दी, जानकारी के बाद पीआरवी समेत मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने कुंए को खाली करवाकर मृतक की अर्धनग्न अवस्था में लाश बरामद की। जिसके बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी ने जिस व्यक्ति के खेत पर बने कुंए में लाश मिली, उसी पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं खेत के स्वामी इमरत की लड़की मनीषा ने बताया कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कुंए में कुछ गिरने की आवाज आई, जिसकी जानकारी उसने परिजनों को दी। जब उन्होंने जाकर देखा तो कुंए के समीप किसी व्यक्ति के कपड़े रखे थे, लेकिन कोई समीप नहीं दिखा। पुलिस ने कुंए से शव निकालकर पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इनका यह है कहना
घटनास्थल पर मृतक के कपड़े मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हर दृष्टिकोण से जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
अजमेर सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी-बार