संदिग्ध परिस्थिति में कस्बा जाखलौन निवासी 30 वर्षीय नीलू का शव गांव से बाहर कुएं में पड़ा मिला। शव की आंखों के आसपास और मुंह-कान से खून निकल रहा था। परिजनों ने गांव के ही लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को जब घर के लोग खेत पर गए थे। तभी गांव के पांच युवक आए और उसके भाई नीलू को अपने साथ ले गए, साथ ही एक क्विंटल गेहूं भी ले गए थे। गेहूं को बेचकर सभी ने खेत पर जाकर पार्टी की। इस दौरान सभी ने नीलू की पिटाई की और जब उसकी मौत हो गई तो उसके कपड़े उतार कर पास में स्थित कुएं में फेंक दिए। रात को उक्त युवकों का एक साथी उनके घर पहुंचा और उसने घटना के बारे में बताया। यह सुनकर परिजनों ने थाना जाखलौन पुलिस को जानकारी दी। पुलिस रात को मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों की मदद से कुएं में नीलू के शव की खोजबीन कराई। लेकिन कुएं में पानी अत्यधिक होने पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद डीजल इंजन पंप को मंगवाया गया और कुएं का पानी निकालना शुरू कराया गया। देर रात करीब सवा तीन बजे शव को बाहर निकाला गया। शव जब कुएं से बाहर निकला तो उसकी आंखों के आसपास और मुंह-कान से खून निकल रहा था। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।