ललितपुर। बीना में तीसरी लाइन के यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण ललितपुर-बीना मेमू ट्रेन आठ दिन बाद आज सोमवार से फिर से पटरी पर दौड़ेगी। यह ट्रेन 17 से 25 अक्तूबर तक के लिए निरस्त चल रही थी।
बीना रेल खंड में तीसरी रेल लाइन का यार्ड रिमॉडलिंग काम दो माह से चल रहा था। यह काम 15 अक्तूबर को पूरा हो गया था। मल्टीपल लाइन और प्लेटफॉर्म की फिटनेस प्राप्त नहीं होने के कारण रेल प्रशासन ने यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया था। इसी के तहत ललितपुर से बीना के मध्य चलने वाली मेमू ट्रेन को 17 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक रद किया गया था। अब आज सोमवार से इस मेमू ट्रेन का संचालन शुरू हो सकेगा।
कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची
रविवार को परिचालन कारणों की वजह से कई यात्री ट्रेनें घंटों देरी से आईं। इनमें शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटा, सचखंड एक्सप्रेस साढ़े छह घंटा और अमृतसर एक्सप्रेस सवा दस घंटे विलंब रही। डाउन रूट की श्रीधाम एक्सप्रेस दो घंटा और उत्कल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा देरी से पहुंची। पीआरओ, रेलवे झांसी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ललितपुर-बीना मेमू ट्रेन 25 अक्तूबर तक ही निरस्त थी, अब आज से इसका संचालन होने की संभावना है। यात्री यात्रा से पहले रेलवे की अधिकृत वेबसाइट और एप पर ट्रेनों की सही स्थिति की जानकारी कर सकते हैं।