एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर ने एक युवक से पहले दोस्ती की इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया, सेल्फी भी खीचीं और फिर विश्वास में लेकर युवक की बाइक लेकर भाग निकला। पुलिस फोटो के सहारे उसकी तलाश में जुट गई है।
ललितपुर बाजार में मिले युवक ने पहले दोस्ती की और होटल पर खाना खिलाने ले गया। यहां सेल्फी खींची और बहाने से बाइक की चाबी ली और बाइक लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। पुलिस ने पीड़ित लड़के के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कोतवाली अंतर्गत ग्राम झरकौन निवासी हरीसेवक ने बताया कि उसका पुत्र गोलू सेन 31 अक्तूबर की शाम को बाइक से बाजार आया था। नझाई बाजार में एक लड़का मिला, जिससे बातचीत होकर दोस्ती हो गई। युवक ने गोलू को विश्वास में ले लिया। इसके बाद दोनों ईलाईट चौरहा के पास स्थित एक ढाबा पर खाना खाने गए। ढाबा के बाहर बाइक खड़ी की और खाना खाने के अंदर चले लगे। खाना खाने के दौरान दोनों ने एक साथ सेल्फी भी खींची। लड़के ने उसके पुत्र को अपना मोबाइल नंबर भी दिया। खाना खाने के बाद दोनों ढाबा से बाहर आए। यहां युवक ने उसके पुत्र से बाइक की चाबी मांगी और बाइक लेकर चला गया। इसके बाद वह वापस लौटकर नहीं आया। काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। लोगों को सेल्फी वाली फोटो भी दिखाई। लेकिन किसी ने भी पहचानने से इंकार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।